भैंसरोड़गढ़ स्थित पीर बाग में आयोजित होने वाले 38वें उर्स की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को पीरे तरीक़त हज़रत तसलीमुल सागर चिश्ती निज़ामी की सरपरस्ती में उर्स के पोस्टर का विमोचन किया गया। हज़रत ख्वाजा साग़रूल गुमनामी चिश्ती निज़ामी रहमतुल्लाह अलैहे प्रतापगढ़ी का यह उर्स 22 से 24 फरवरी तक चलेगा। एडवोकेट अजीज हुसेन के अनुसार, तीन दिवसीय इस आयोजन में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें परचम कुशाई, महफ़िल मिलाद, चादर का जुलूस, कव्वाली और क़ुरान ख्वानी प्रमुख हैं। कार्यक्रम में सामुदायिक एकता और धार्मिक सद्भावना का विशेष प्रदर्शन होगा। पोस्टर विमोचन समारोह में समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की, जिनमें हाजी नुजीब, हाजी फय्याज शेख, एडवोकेट आज़ाद हुसैन, अमीक अहमद शेख, शायर हनीफ आशिक, शफीक अहमद शेख, अमजद हुसैन दानिश, फारूक मोहम्मद और अब्दुल रहमान प्रमुख रूप से मौजूद थे। इस अवसर पर सभी ने उर्स की सफलता की कामना की।


