पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा के हमशक्ल का वीडियो शेयर:लाडनूं के नरेश कुमार सिंधी बने चर्चा का विषय, लोग मिलने की इच्छा जता रहे

राजस्थान की राजनीति में अपने बयानों के लिए पहचाने जाने वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा इस बार अपने हमशक्ल को लेकर सुर्खियों में हैं। डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं से उनके एक हमशक्ल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति शादी समारोह में नाश्ता करते हुए दिख रहा है, जिसकी शक्ल-सूरत, चाल-ढाल, हेयर स्टाइल और कद-काठी डोटासरा से हूबहू मिलती है। यह हमशक्ल नरेश कुमार सिंधी (42) हैं। मूल रूप से जयपुर के निवासी नरेश पिछले लगभग 20 वर्षों से लाडनूं में रह रहे हैं। वे मेडिकल क्षेत्र में नौकरी करने के साथ-साथ कैटरिंग का व्यवसाय भी करते हैं और अक्सर विवाह समारोहों में अपनी सेवाएं देते हैं। यह वीडियो डोटासरा के ननिहाल रिंगण गांव में आयोजित एक विवाह समारोह का है। नरेश कुमार वहां कैटरिंग के सिलसिले में पहुंचे थे। समारोह में मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि वे बिल्कुल पीसीसी चीफ जैसे दिखते हैं। इसके बाद मौके पर उनका वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो तेजी से शेयर हो गया। नरेश कुमार सिंधी का कहना है कि उन्होंने कभी गोविंद सिंह डोटासरा को नजदीक से नहीं देखा है और न ही उनसे मुलाकात हुई है। वीडियो शेयर होने के बाद उन्हें लगातार फोन कॉल आ रहे हैं और लोग उनसे मिलने की इच्छा जता रहे हैं। वे इस पूरे घटनाक्रम से खुद भी हैरान हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर मिल रही इस नई पहचान को एक दिलचस्प अनुभव मान रहे हैं। फिलहाल, यह ‘हमशक्ल’ इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इसे हल्के-फुल्के अंदाज में खूब साझा कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *