भास्कर न्यूज | कोरबा निगम के वार्ड-54 जमनीपाली के पुनर्वास ग्राम गोपालपुर के सड़कों का 1.50 करोड़ की लागत से डामरीकरण कराया जाएगा। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने भूमिपूजन कर शिलापट्टिका का अनावरण किया। इस मौके पर उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि एनटीपीसी के साथ ही सभी सार्वजनिक औद्योगिक संस्थान पुनर्वास ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए काम करें। संस्थानों का दायित्व है कि वे पुनर्वास ग्रामों में लोगों को सभी तरह की सुविधाएं दें। जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार व डामरीकरण के लिए एनटीपीसी के सीएसआर मद से राशि की मंजूरी मिली थी। उद्योग मंत्री देवांगन ने बताया कि जमनीपाली वार्ड में 53 लाख के काम पूरे कर लिए गए हैं। 2 करोड़ 61 लाख रुपए के काम विभिन्न बस्तियों में चल रहे हैं। इसके अलावा 58 लाख रुपए के नए कामों को मंजूरी दी गई है। निगम के सभी वार्डों में लोगों की जरूरत और मांग के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। महापौर राजपूत ने कहा कि सभी वार्डों में तेजी से विकास चल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखन देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा का सर्वांगीण विकास हो रहा है। इस मौके पर पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, नरेंद्र देवांगन, राधा महंत, सम्मत कंवर, किशन लाल, सुखविंदर कौर, अयोध्या बाई कंवर, मनोज लहरे, प्रफुल्ल तिवारी, पुष्पा कंवर, संजय कुमार सिंह के अलावा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


