पुनर्वास नीति के तहत 9 आत्मसमर्पित नक्सलियों को दिए गए 50-50 हजार

भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले में आत्मसमर्पण कर चुके 9 नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत शनिवार को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर बीएस उइके और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपे। उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा नक्सल पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इससे पहले भी 17 आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। इस दौरान कलेक्टर बीएस उइके ने कहा कि शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौशल विकास के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही आवास योजना के तहत उनके लिए घर निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन जीएं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि पुनर्वास योजना के तहत प्रत्येक आत्मसमर्पित नक्सली को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। अब तक जिले में 26 नक्सलियों को यह राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन हर संभव सहयोग देगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *