चूरू के सदर थाना इलाके के घांघू गांव में शुक्रवार को रंजिश को लेकर व्यक्ति पर सरिए से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति के पैर पर गंभीर चोट आई है। घायल को परिजनों ने निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने घायल का इलाज किया। अस्पताल में घायल की पत्नी ने बताया कि घांघू निवासी विजय कुमार (40) शुक्रवार को बाहर घूमकर वापस घर आ रहा था। तभी घर के दरवाजे में घुसते ही परिवार के महेंद्र ने सरिए से हमला कर दिया। हमले में घायल के पैर में गंभीर चोट आई। घायल की पत्नी ने बताया कि करीब दो महीने पहले गांव में शादी थी। उस समय पति विजय कुमार की महेंद्र से मामूली कहासुनी हो गई थी। उसके बाद से महेंद्र रंजिश रखने लगा। उस बात को लेकर शुक्रवार को महेंद्र ने विजय कुमार पर सरिए से हमला कर दिया। अस्पताल स्टाफ की ओर से घटना की सूचना अस्पताल चौकी में दे दी गई। अस्पताल चौकी से आई पुलिस ने घायल से घटना की जानकारी ली।


