पुराने भोपाल में निकलेगी भव्य शिव बारात:चांदी के नंदी पर सवार बाबा बटेश्वर, भोजपुर मंदिर में ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’

महाशिवरात्रि पर्व पर आज राजधानी में भव्य शिव बारात निकालेगी। संयोजक संजय अग्रवाल ने बताया कि बारात पुराने शहर स्थित शिवालय भवन से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा सिंधी मार्केट, जनकपुरी हनुमानगंज, मंगलवारा, ट्रांसपोर्ट एरिया, इतवारा, चिंतामन चौराहा, गणेश चौक, सावरकर चौक लखेरापुरा होते हुए रात 10 बजे मां भवानी मंदिर पहुंचेगी, जहां वरमाला की रस्म संपन्न होगी। आयोजन समिति के अनुसार बारात मार्ग पर घर-घर पूजन एवं स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। सैकड़ों सामाजिक संस्थाएं, विभिन्न समाज और ट्रस्ट अपने-अपने मंचों से स्वागत करेंगे। पूरे मार्ग को आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा। बारात का मुख्य आकर्षण चांदी के नंदी पर सवार दूल्हा स्वरूप में बाबा बटेश्वर रहेंगे। आकर्षक रथ पर विराजमान उनका मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। इसके अलावा प्रदेश के प्रसिद्ध बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न प्रांतों से आए नृत्य मंडल पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। युवाओं का डमरू दल भी इस बार विशेष रहेगा, जिसमें पहली बार 50 से अधिक बालिकाओं का दल शामिल हो रहा है। सुंदर रथों पर देवी-देवताओं के स्वरूप और आकर्षक झांकियां भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।आयोजन बड़वोल महादेव मंदिर सेवा समिति एवं ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर धार्मिक उल्लास और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। बड़ वाले महादेव मंदिर पहुंचे शिवराज भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़ वाले महादेव मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना की। इस दौरान महापौर मालती राय भी मौजूद रहीं। बैरागढ़ में शिव बारात और भंडारे का आयोजन
संत हिरदाराम नगर स्थित संकट मोचन खेड़ापति हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि का उत्सव 22 सालाें से मनाया जा रहा है आज ।सुबह शिव अभिषेक, हवन और पूजन होगा। दोपहर भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। बारात में डमरू पार्टी, हाथी-घोड़े और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए शामिल होंगे। विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां भी इस शोभायात्रा का हिस्सा होंगी। भोजपुर मंदिर में 15 से ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’ मध्यप्रदेश शासन द्वारा रायसेन जिले के ऐतिहासिक भोजपुर मंदिर प्रांगण में 15 से 17 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन शाम 6.30 बजे से ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन शिव-साधना, लोकआस्था और कला-सौंदर्य का अद्भुत संगम बनेगा। जिला प्रशासन, रायसेन के सहयोग से आयोजित महोत्सव में लोकगायन, लोकनृत्य, नृत्य-नाटिका, सुगम संगीत और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की प्रस्तुतियां होंगी। महोत्सव के पहले दिन 15 फरवरी को सागर के ऋषि विश्वकर्मा लोकगायन की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद उमेश नामदेव द्वारा बधाई एवं बरेदी लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें बुंदेलखंडी लोकजीवन की झलक दिखाई देगी। संध्या का प्रमुख आकर्षण मुंबई के भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा का भक्ति संगीत होगा, जो शिव आराधना के सुरों से वातावरण को भक्तिमय बनाएगा। 16 फरवरी: नृत्य-नाटिका और सुगम संगीत की शाम दूसरे दिन 16 फरवरी को भोपाल की शीला त्रिपाठी लोकगायन प्रस्तुत करेंगी। इसके पश्चात मुंबई की भावना शाह एवं उनके साथियों द्वारा शिव महिमा पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन किया जाएगा। नृत्य, भाव और संगीत के समन्वय से सजी यह प्रस्तुति शिव-सत्य की कलात्मक अभिव्यक्ति होगी। दिन का समापन मुंबई की पार्श्व गायिका महालक्ष्मी अय्यर के सुगम संगीत से होगा, जिनकी मधुर आवाज श्रोताओं को भावलोक में ले जाएगी। 17 फरवरी: लोकधारा से काव्यधारा तक महोत्सव के अंतिम दिन 17 फरवरी को भोपाल के बलराम पुरोहित लोकगायन से कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसके बाद आकृति जैन एवं साथी कलाकार शिव-केंद्रित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करेंगे। समापन अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवि अशोक चक्रधर, दिनेश बावरा, प्रताप फौजदार, गजेन्द्र सोलंकी, रुचि चतुर्वेदी, पूनम वर्मा और मनु वैशाली अपनी रचनाओं से काव्यरस की धारा प्रवाहित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *