पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजली:कहीं केंडल मार्च तो कहीं एक शाम शहीदों के नाम, कहीं हनुमान चालीसा पाठ कर शहीदों को दी श्रद्धांजली

नागौर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले के शहीदों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरवासियों ने 2 मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया। राठौड़ी कुआं क्षेत्र में त्यागी सेवा समिति की ओर से भव्य कैंडल मार्च निकाला गया, जो मुख्य मार्गों से होता हुआ त्यागी जी की बगीची पहुंचा । यहां हनुमान चालीसा का पाठ कर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।

​इसी क्रम में हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप द्वारा मुंडवा चौराहा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया, जिसमें शहर के संत-महात्माओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपनी कृतज्ञता प्रकट की।

​वहीं, नागौर नर्सिंग कॉलेज में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने इस दिन को ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाते हुए कैंडल मार्च निकाला और शहीदों की शहादत को याद किया। पूरे दिन शहर में देशभक्ति का माहौल रहा और लोगों ने नम आंखों से वीर सपूतों को याद किया। कार्यक्रमों में लोग तिरंगे झंडे लिए भारत माता की जय के नारे लगाते नज़र आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *