पुलवामा हमले के शहीदों को CRPF ने दी श्रद्धांजलि:कोंडागांव में सातवीं बरसी पर 40 जवानों को किया गया याद;स्कूली बच्चों ने भी हिस्सा लिया

कोंडागांव में 2019 के पुलवामा हमले की सातवीं बरसी पर शनिवार को शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। चिकलपुटी स्थित 188वीं बटालियन सीआरपीएफ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 40 शहीद जवानों को याद किया गया। इस दौरान अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बटालियन के कमांडेंट भवेश चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए। जवानों ने सलामी दी और दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर नक्सलवाद और आतंकवाद मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीआरपीएफ अधिकारियों, जवानों के साथ स्थानीय स्कूली बच्चों ने भी हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कमांडेंट भवेश चौधरी ने अपने संबोधन में पुलवामा के जवानों के बलिदान को याद किया। उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में भी सीआरपीएफ के 460 से अधिक अधिकारी और जवान देश की आंतरिक सुरक्षा में शहीद हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन जवानों की शहादत आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *