पुलिया निर्माण में सीमेंट के साथ रेत नहीं, मिट्‌टी मिलाई जा रही

भास्कर न्यूज | दोरनापाल कोंटा ब्लॉक के वेलपोच्चा व गोमपाड़ के बीच बन रही पुलिया को लेकर अब ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेलने के बाद इलाके के लोगों को विकास की उम्मीद थी, लेकिन चल रहे निर्माण की गुणवत्ता में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में रेत का उपयोग किया जाना था, लेकिन यहां ठेकेदार रेत की जगह मिट्‌टी का उपयोग कर रहा है। वहीं सीमेंट की मात्रा भी मानकों के अनुसार नहीं है। प्रशासनिक अनदेखी के कारण ग्रामीणों को मिलने वाले गुणवत्तायुक्त विकास पर पीडब्ल्यूडी बट्‌टा लगाने पर आमादा है। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग से इसकी मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि यदि अभी से इस तरह की लापरवाही हुई तो बारिश में पुलिया पूरी तरह से बह जाएगी। इस पर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषी ठेकेदार व पीडब्ल्यूडी के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त हो रहे क्षेत्र में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में जब पीडब्ल्यूडी के एसडीओ पीके प्रधान से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन ही रीसिव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *