धौलपुर के राजाखेड़ा क्षेत्र में एक सरकारी कर्मचारी ने कुछ पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, राजाखेड़ा निवासी प्रबल कुमार उर्दनिया, जो SIPF विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 4 मार्च की रात करीब 11 बजे कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उस समय प्रबल घर पर आराम कर रहे थे। प्रबल के पिता ने दरवाजा खोला तो लाठी लिए कुछ लोग खड़े थे। उन्होंने खुद को राजाखेड़ा थाने का पुलिसकर्मी बताते हुए प्रबल कुमार को थानेदार द्वारा बुलाए जाने की बात कही। शिकायत के मुताबिक, जब प्रबल कुमार कमरे से बाहर आए और पुलिसकर्मियों से बुलाने का कारण पूछा, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान जब उनकी पत्नी ने विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। प्रबल कुमार का आरोप है कि जब वह अपने पिता के साथ थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उनके बुजुर्ग पिता के साथ धक्का-मुक्की की और उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी उनका मोबाइल फोन भी जबरन लेने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान प्रबल ने एक पुलिस अधिकारी को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें घर जाने के लिए कहा गया। पीड़ित का कहना है कि यह पूरी घटना घर और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में रात 11 बजे से करीब 1:40 बजे के बीच रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


