पुलिस और वन विभाग ने जेसीबी मशीन से बंद किए अवैध रास्ते

बनेठा क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिला वन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह कृष्णिया के निर्देशन में शुक्रवार को वन विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बनास नदी क्षेत्र और उसके आसपास सक्रिय खनन माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए देर शाम तक यह विशेष अभियान चलाया गया । कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से एकत्रित किए गए लगभग पचास टन बजरी के स्टॉक को मौके पर ही खुर्दबुद कर दिया। इसके साथ ही, माफियाओं द्वारा आवाजाही के लिए बनाए गए अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन की सहायता से अवरुद्ध कर दिया गया। मीणौ की झौपड़ियाँ गाँव सहित नदी क्षेत्र के उन तमाम मार्गों को बंद किया गया है, जहाँ से अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही थी। जिला वन अधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी पंकज शर्मा और बनेठा थाना प्रभारी भागीरथ सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम में वन विभाग से रेंजर पंकज शर्मा, ककोड़ नाका वनपाल मुकेश कुमार चौधरी, वनरक्षक शारदा और पुलिस विभाग से एएसआई भवानी शंकर, कांस्टेबल मुकेश सहित भारी जाब्ता तैनात रहा। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और नदी के पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। क्षेत्रीय वन अधिकारी पंकज शर्मा ने बताया कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन में लिप्त वाहनों को राजसात किया जायेगा। संयुक्त कार्रवाई . नदी क्षेत्र और उसके आसपास खनन माफिया पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *