भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार/ कसडोल चौकी बया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और बिक्री के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर सप्लाई चैन का खुलासा किया है। पुलिस ने पहले पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी को साइबर सेल और चौकी बया की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बार में घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपी सूरज सेन उर्फ परसूराम और फलेश साहू को स्कूटी के माध्यम से गांजा तस्करी और बिक्री करते हुए पकड़ा गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 7.938 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 3 लाख 96 हजार 900 रुपए बताई गई, एक बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया था। मामले में चौकी बया थाना राजादेवरी में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर एंड-टू-एंड विवेचना की गई, जिसमें पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई गई। इसी कड़ी में उड़ीसा राज्य के जिला बरगढ़ के देवांनपाली (बनबासु) निवासी कुलमणी साहू उर्फ घसिया (43 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने पहले गिरफ्तार दोनों आरोपियों को उड़ीसा से गांजा सप्लाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को 14 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बता दें कि आमतौर पर बस्तर और महासमुंद में ही ओडिशा से सप्लाई गांजे की होती रही है।


