पुलिस कॉन्स्टेबल ने किया सुसाइड, टांके में मिला शव:लिखा- मानसिक रूप से परेशान हूं; 18 दिन पहले ही किया था जॉइन

राजस्थान पुलिस के कॉन्स्टेबल ने टांके में कूदकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड नोट में उसने मानसिक रूप से परेशान होने और माता-पिता को परेशान नहीं करने की बात लिखी है। घटना बाड़मेर पुलिस लाइन में स्कूल और मंदिर के पास बने टांके की है। पुलिस के अनुसार, अमृता देवी बटालियन का जवान विजय कुमार (24) पुत्र धनाराम बाड़मेर पुलिस लाइन में फर्स्ट फेज की ट्रेनिंग ले रहा था। वह रविवार सुबह करीब 7:30 बजे रोल कॉल के समय मौजूद नहीं था। साथियों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसी दौरान उसके कमरे की जांच की गई तो वहां सुसाइड नोट मिला। इसके बाद पुलिस टीम टांके तक पहुंची, जहां उसका शव पानी में तैरता मिला। डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, एएसपी नितेश आर्य और कोतवाल मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। FSL टीम को भी बुलाया गया और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। एएसपी नितेश आर्य ने बताया- खड़ीन (बाड़मेर) निवासी विजय कुमार हाल ही में अमृता देवी बटालियन में भर्ती हुआ था। उसने 11 फरवरी को जॉइन किया था। वह फर्स्ट फेज की ट्रेनिंग ले रहा था। कॉन्स्टेबल था। एएसपी ने बताया- सुबह हमारा रोल कॉल होता है। हाजिरी में आया नहीं तो पूरे लाइन में छानबीन की। गोताखोर बुलाए गए। उन्होंने टांके में नीचे उतरकर देखा तो डेड बॉडी अंदर थी। उसके परिजनों को सूचित किया। परिजनों के आने के बाद डेड बॉडी निकाली गई। एक सुसाइड नोट और कुछ चीजें मिली हैं, जिससे लग रहा है कि उसका इलाज भी चल रहा था। सुसाइड नोट में लिखा है- ‘मैं खुद परेशान हूं। जीवन से तंग आ चुका हूं।’ पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। रात को पिता मिलकर गए थे पुलिस के अनुसार, परिजनों ने भी बताया कि वह बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उसके पिता पुलिस लाइन में उससे मिलने आए थे। इसके बाद वे गांव लौट गए। उस समय तक वह सामान्य था। रात को उसने खाना खाया और मोबाइल गेम खेल रहा था। पुलिस का अनुमान है कि देर रात उसने टांके में कूदकर सुसाइड किया होगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पानी में डूबने से मौत हुई है। जवान का मोबाइल जब्त कर लिया है। साथी जवानों से पूछताछ की गई है। पुलिस लाइन में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *