ग्वालियर में ATM काटकर 15 लाख रुपए कैश लूट के 24 घंटे बाद ही बदमाशों ने फिर एक बार वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चन्द्रनगर ग्वालियर मे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ATM को टारगेट किया गया है। बदमाशों ने ATM पर लगे CCTV कैमरे पर टेप लगा दिय। कैमरा बंद होते ही सिक्योरिटी कन्ट्रोल रूम मुम्बई में अलर्ट हुआ। तत्काल ग्वालियर पुलिस को लोकेशन शेयर कर सूचना दी गई। पुलिस ने समय पर पहुंचकर बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले हैं। वारदात शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात चन्द्रनगर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ATM पर हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर के ग्वालियर थाना क्षेत्र के चंद्र नगर स्थित एसबीआई के ATM पर शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात करीब तीन बजे बदमाशों ने कैमरे पर टेप लगा दिया है और वारदात का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही ATM का हिडन कैमरा बंद हुआ तो मुम्बई में कन्ट्रोल रूम अलर्ट हाे गया। एसबीआई के ATM की लोकेशन ट्रैस कर ग्वालियर पुलिस को सूचना देते हुए लोकेशन शेयर की। जिस पर ग्वालियर थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ वेग ने तत्काल रात्रि गश्त पर निकले पुलिस अफसरों को अलर्ट किया। पुलिस की टीम जब चन्द्र नगर कोटेश्वर मंदिर के पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ATM पर पहुंची तो आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने चेक किया तो एटीएम मशीन के अंदर लगे कैमरे पर काले रंग का प्लास्टिक का टेप चिपका हुआ मिला है। पुलिस के समय पर पहुंचने से एक बड़ी घटना टल गई है।
पुलिस ने कराई घेराबंदी, नहीं लगे हाथ
मामले का पता चलते ही पुलिस एक्टिव हुई और जिले भर में नाकाबंदी कराई गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे हंै। पुलिस ने रात भर चेकिंग की और विशेष तौर पर चार पहिया वाहन में सवार लोगों को चेक किया, लेकिन ATM काटने वाले पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
ग्वालियर थाना पुलिस ने चन्द्र नगर कोटेश्वर मंदिर के पास एटीएम में वारदात को तो टाल दिया है, लेकिन गैंग अभी नहीं पकड़ी गई है। यही कारण है कि पुलिस ने गैंग का पता लगाने के लिए एटीएम के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
एक दिन पहले आनंद नगर में काटा था ATM
इस घटना से एक दिन पहले मतलब गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात बदमाशों ने बहोड़ापुर के आनंद नगर इलाके में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक ATM को काटकर लगभग 15 लाख रुपए कैश निकाल ले गए थे। इस वारदात के बाद से पुलिस अलर्ट है। ऐसे में एक और एटीएम में टेप लगाकर वारदात का प्रयास बताता है कि बदमाश कितने बेखौफ हैं।
पुलिस का कहना
इस मामले में एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि आधी रात को ग्वालियर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चन्द्र नगर कोटेश्वर मंदिर के पास एसबीआई के एटीएम पर कुछ गड़बड़ है। पुलिस पहुंची तो वहां से बदमाश भाग चुके थे, लेकिन एटीएम मशीन पर लगे कैमरे पर काले रंग का टेप चिपका मिला था। पुलिस ने वारदात टल जाने पर राहत की सांस ली है।


