पुलिस चौकी में फरियादी की पिटाई:देर रात धरने में बैठे प्रसाद व्यापारी, पुलिस के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

मैहर। अपनी फरियाद लेकर पुलिस चौकी पहुंचे एक व्यापारी के साथ चौकी परिसर में ही आरोपियों ने मारपीट कर दी। इस घटना से नाराज स्थानीय व्यापारी आधी रात चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि इस मामले में पुलिस का कहना है कि मारपीट जैसी कोई घटना नही हुई है। देर रात मैहर थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्या है मामला देवी जी चौकी प्रभारी महेंद्र गौतम ने बताया कि बंधा बैरियर के पास श्रद्धालु प्रसाद उनकी दुकान से ले, इस बात पर अजय अहिरवार और कमल सिंह के बीच विवाद हो गया। इस विवाद की शिकायत ले कर अजय अहिरवार जब पुलिस चौकी पहुंचा तो उसके साथ अन्य व्यापारी भी आ गए, और एफआईआर दर्ज करने का दबाव बनाने लगे। चौकी में मौजूद स्टॉफ ने उन लोगो को बताया कि एफआईआर थाना में दर्ज होगी। इसी बात को लेकर व्यापारी चौकी के बाहर धरने में बैठ नारेबाजी करने लगे। चौकी प्रभारी के अनुसार फरियादी के साथ चौकी परिसर में कोई मारपीट नही हुई है। उधर, इस मामले में प्रसाद व्यापारियों का कहना है कि अजय अहिरवार जब उसके साथ विवाद और मारपीट की फरियाद ले कर पुलिस चौकी पहुंचा तभी पीछे से आरोपी कमल सिंह के साथ बबली सिंह, पिंटू चौरसिया और सोनू पांडेय वहां आ गए और अजय अहिरवार के साथ मारपीट की। मुकदमा हुआ दर्ज मैहर टीआई अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि देर रात धरने पर बैठे व्यापारियों को समझाइश देने के बाद अजय अहिरवार की शिकायत पर आरोपी कमल सिंह के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। आए दिन होता है विवाद प्रसाद व्यापारियों के बीच श्रद्धालुओं को ले कर आए दिन विवाद होता है। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी पुलिस ने प्रसाद व्यापारियों द्वारा श्रद्धालुओं को ले कर आने के लिए लगाए दलालों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्यवाही कर 6 दलालों को गिरफ्तार किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *