करौली जिले में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में अपहरण के फरार आरोपी, स्थायी वारंटी, अवैध हथियार रखने वाला व्यक्ति और अवैध खनन में लिप्त चार ट्रैक्टर ड्राइवर शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। सपोटरा थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी लवकुश मीना को गैरई गांव से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया। इसी थाना क्षेत्र में, पुलिस ने स्थायी गिरफ्तारी वारंटी विष्णु कुमार नामा उर्फ भोलू को भी लोकेश नगर क्षेत्र से पकड़ा और अदालत में पेश किया। मण्डरायल थाना पुलिस ने लोगों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के मामले में वांछित आरोपी समरवीर को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर 315 बोर का एक अवैध पोना कट्टा भी बरामद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लांगरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से बजरी से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। इस दौरान चार ट्रैक्टर ड्राइवरों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि बजरी को प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रूप से निकालकर परिवहन किया जा रहा था। सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


