सिमडेगा | होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब निर्माण और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कस रही है। अभियान के तहत बंगरू तेलीटोली और हरिपुर गांव में छापेमारी कर करीब 180 किलोग्राम अवैध जावा महुआ नष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग हो रही भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। इसी क्रम में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने सैंयपुर क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की। यहां से लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ और करीब 40 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसे नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। संबंधित आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा कसडेगा में भी छापेमारी कर करीब 300 किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। प्रशासन द्वारा मामले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए जिले भर में सघन जांच और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत नियंत्रण कक्ष को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


