पुलिस ने 25 टन अवैध कोयला किया बरामद

भास्कर न्यूज | बोकारो थर्मल बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल के कारो स्पेशल फेज-2 स्थित बंद पड़ी पांच नंबर खदान में पुलिस और सीआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षा बलों ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार की रात और शनिवार को चलाए गए इस संयुक्त छापेमारी अभियान में लगभग 25 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयले को करीब एक हजार सीमेंट की बोरियों में भरकर खदान के बाहर रखा गया था। जानकारी के अनुसार सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के जीएम को गुप्त सूचना मिली थी कि बंद पड़ी पांच नंबर खदान से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है और भारी मात्रा में कोयला बोरियों में भरकर बाहर भेजने की तैयारी है। सूचना के आलोक में शुक्रवार रात बोकारो थर्मल थाना के अनि भागीरथ महतो एवं सीआईएसएफ के जवानों ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर लगभग 25 टन कोयला बरामद हुआ। शुक्रवार की रात को टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 5 टन कोयले का उठाव किया। शनिवार को सीसीएल बीएंडके के एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर डी. मांझी जवानों, जेसीबी और सीसीएल ट्रक के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शेष 20 टन कोयला लोड कर खासमहल परियोजना भेजा गया। एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर ने कहा कि अवैध कोयले के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब्त कोयला खासमहल परियोजना को सौंप दिया गया है। जिस खदान से उत्खनन हो रहा था, उसे जेसीबी से डोज रिंग कर पूरी तरह भर दिया गया है ताकि भविष्य में चोरी रोकी जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *