भास्कर न्यूज | राजनांदगांव पुलिस भर्ती में हुई गड़बड़ी के मामले में अफसरों को सेफ जोन में डाला जा रहा है। यही वजह है कि अब तक किसी भी बड़े अफसर पर कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि इवेंट में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए उप निरीक्षण, निरीक्षण और डीएसपी लेवल के अफसरों को तैनात किया गया था। गड़बड़ी उजागर होने और अब तक जांच के बाद 11 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इसमें 7 आरक्षक शामिल हैं। लेकिन पूरे मामले में सिर्फ आरक्षकों पर ही कार्रवाई हो रही है। आरक्षकों ने जहां गड़बड़ी की हैं, वहां अधिकारियों को ईवेंट का इंचार्ज बनाया गया था। इसके बाद भी ऐसे अफसरों पर बचाने का प्रयास हो रहा है। हालाकि सूत्रों ने बताया कि मामले में निरीक्षक लेवल के कुछ अफसरों से पूछताछ हुई है। लेकिन कार्रवाई तय नहीं की जा सकी। मंगलवार को भी एक महिला आरक्षक से पूछताछ चलती रही। दो अभ्यर्थियों को भी अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन इन अभ्यर्थियों का संपर्क गड़बड़ी के लिए दीगर जिले के आरक्षकों से कैसे हुआ, इसका खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर सकी है।


