पुलिस लाइन में एएनटीएफ की नई रेंज बिल्डिंग का उद्घाटन, 500 तरह के ड्रग्स पकड़ने वाला आधुनिक सिस्टम शुरू: डीजीपी

भास्कर न्यूज | जालंधर डीजीपी गौरव यादव ने वीरवार को पुलिस लाइन्स में नवनिर्मित अल्ट्रा-मॉडर्न एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) जालंधर रेंज बिल्डिंग का उद्घाटन किया। इस दौरान स्पेशल डीजीपी एएनटीएफ कुलदीप सिंह, एडीजीपी एएनटीएफ नीलाभ किशोर और एडीजीपी स्टेट आर्म्ड पुलिस एमएफ फारूकी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने बताया करीब 9,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैली यह अत्याधुनिक इमारत 1.60 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई है। इसे ड्रग तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने और रेंज की ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। भवन में गजटेड अधिकारियों के लिए विशेष कक्ष, जांच अधिकारियों और स्टाफ के लिए अलग केबिन, रीडर्स रूम और आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल की सुविधा उपलब्ध है। बिल्डिंग का उद्घाटन करते हुए डीजीपी व अन्य। 35,133 एफआईआर दर्ज, 28 टन चूरा पोस्त व 48 लाख नशीली गोलियां मिलीं डीजीपी ने बताया कि 1 मार्च 2025 से अब तक 35,133 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 50,238 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 2229 किलोग्राम हेरोइन, 667 किलोग्राम अफीम, 28 टन चूरा पोस्त, 68 किलोग्राम चरस, 783 किलोग्राम गांजा, 29 किलोग्राम आईस, 4 किलोग्राम कोकीन और 48.64 लाख नशीली गोलियां जब्त की गई हैं। 16.68 करोड़ रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की गई है। ड्रग्स से जुड़ी जानकारी को सेफ पंजाब चैटबॉट नंबर 97791-00200 पर गोपनीय रूप से साझा करें। इस अवसर पर सीपी धनप्रीत कौर, डीआईजी नवीन सिंगला, डीआईजी संजीव कुमार रामपाल, डीआईजी अखिल चौधरी और अश्विनी गोट्याल भी मौजूद रहे। शरारती तत्व ई-मेल के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे वहीं डीजीपी ने कहा लुधियाना में 3 करोड़ रुपए की लागत से नई इमारत का निर्माण कार्य जारी है, जो अगले 4-5 महीनों में पूरा हो जाएगा, जबकि फिरोजपुर में भी इसी तरह की सुविधा विकसित की जा रही है। डीजीपी ने लक्की ओबरॉय हत्याकांड पर अपडेट देते हुए बताया कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ये आरोपी मुख्य दोषियों को पनाह देने और साजिश में शामिल थे। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं भारत-बांग्लादेश विवाद का फायदा उठाकर कुछ शरारती तत्व ई-मेल के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इन धमकियों पर साइबर सेल लगातार नजर रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *