भास्कर न्यूज | धमतरी पुलिस लाइन में पहली बार स्पोर्ट्स परेड का आयोजन हुआ। एसपी धमतरी ने जवानों की फिटनेस, स्टेमिना और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन करवाया। इसमें 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। परेड में रस्साकस्सी, रिले रेस, स्लो साइकिल रेस, पुशअप प्रतियोगिता और वॉलीबॉल जैसे खेल हुए। साइकिल में दो महिला और दो पुरुष टीमों के बीच मुकाबला हुआ। सभी ने दमखम और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। स्लो साइकिल रेस में प्रतिभागियों ने संतुलन बनाकर धीरे-धीरे साइकिल चलाई। जो सबसे धीरे चला, वह विजेता बना। इसमें आरक्षक राजू साहू पहले, आरक्षक पितांबर राजपूत दूसरे और आरक्षक संतोष तिवारी तीसरे स्थान पर रहे। रिले रेस में चार पुरुष टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसके बाद पुशअप प्रतियोगिता हुई। इसमें 10 जवानों ने 50 से ज्यादा पुशअप किए। आरक्षक चालक खिनेश देवांगन पहले, प्रधान आरक्षक तेरस राम दूसरे और एएसआई चंद्रशेखर गेडाम तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।