भास्कर न्यूज | नारायणपुर शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ग्रंथालय विभाग द्वारा विश्व पुस्तक एवं कॉपीराइट दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में भव्य पुस्तकों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसआर कुंजाम, आईक्यूएसी प्रभारी आरके यादव, सहायक प्राध्यापक डॉ योगेंद्र कुमार एवं लाइब्रेरियन संजय कुमार पटेल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं तथा महाविद्यालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी मानसिक शक्ति, कल्पनाशीलता, लेखन, संचार कौशल और स्मरण क्षमता में वृद्धि के लिए नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करने कहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के लाइब्रेरियन संजय कुमार पटेल ने बताया कि विश्व पुस्तक एवं कॉपीराइट दिवस प्रतिवर्ष 23 अप्रैल को पूरी दुनिया में मनाया जाता है। महाविद्यालय के लाइब्रेरियन ने यह भी बताया कि यह दिवस मुख्य रूप से लेखकों एवं प्रकाशकों को महत्व एवं सम्मान देने तथा समाज और शैक्षणिक संस्थाओं में पुस्तकालयों की उपयोगिता एवं महत्व को प्रदर्शित करने के लिए भी मनाया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि 23 अप्रैल को दुनिया के कई महान लेखकों तथा साहित्यकारों की पुण्यतिथि तथा जन्मतिथि भी पड़ती है, इसलिए 23 अप्रैल को ही यह दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। यह दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पुस्तकों के महत्व तथा उनको पढ़ने से होने वाले लाभों के बारे में अवगत कराने के साथ ही उन्हें पुस्तकालय का उपयोग तथा पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अतिथि व्याख्याता डॉ मीनाक्षी ठाकुर, डॉ. विजय लाल तिवारी, बुक लिफ्टर मेष राम ठाकुर , छात्र-छात्राएं तथा महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


