उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान भरतपुर वासियों को बड़ी सौगात देते हुए कंजौली रेलवे लाइन पर शानदार फोरलेन ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस बहुप्रतीक्षित पुल की मंजूरी के साथ ही शहर के मुख्य प्रवेश द्वारों पर लगने वाले लंबे जाम से आमजन को स्थाई राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने भरतपुर के शहरी ढांचे को आधुनिक बनाने और नवगठित डीग जिले के धार्मिक पर्यटन को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने के लिए घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है, जिससे पूरे ब्रज क्षेत्र में खुशी की लहर है। भरतपुर के कंजौली रेलवे ओवरब्रिज पर चौबीस घंटे रहने वाले भारी यातायात दबाव को देखते हुए सरकार ने इसे फोरलेन में तब्दील करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में इस पुल के संकरे होने के कारण अक्सर भारी वाहन और एम्बुलेंस और जरूरी काम से जाने वाले लोग जाम में फंस जाते थे, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता था। इसके साथ ही मडरपुर से न्यू रीको क्षेत्र तक नई फोरलेन सड़क और भरतपुर-सौंख मार्ग तक फोरलेन सड़क तक एक करोड़ रुपये के प्रारंभिक बजट के साथ डीपीआर की घोषणा ने औद्योगिक विकास की नई इबारत लिख दी है। जाम मुक्त भरतपुर और आधुनिक कनेक्टिविटी होगी शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले कंजौली ओवरब्रिज के फोरलेन होने से अब स्थानीय निवासियों और राहगीरों को घंटों जाम में नहीं जूझना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि कंजौली पुल काफी समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। इस पर आए दिन हादसे हो रहे थे। शहर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने फिर से निर्माण करने की मांग की थी, जो अब पूरी होगी। इसी क्रम में मानसिंह सर्किल से बझेरा (अपना घर) तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद बझेरा से यूपी बॉर्डर (अछनेरा मार्ग) तक की सड़क को भी आगामी बजट योजनाओं में शामिल कर फोरलेन करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। ब्रज की धार्मिक विरासत का कायाकल्प डीग जिले के कामां क्षेत्र के लिए यह बजट विशेष सौगात लेकर आया है। ब्रज भूमि की अगाध आस्था के केंद्र ‘श्री गोपाल कुंड’ और ‘श्री धर्म कुंड’ के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए बजट आवंटित किया गया है। चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर स्थित इन प्राचीन स्थलों के विकसित होने से देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का लक्ष्य इन ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभारना है, जिससे न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान गहरी होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। औद्योगिक प्रगति और सुगम सफर भरतपुर को औद्योगिक हब बनाने के विजन के साथ न्यू रीको क्षेत्र को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए मडरपुर सड़क से फोरलेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, भरतपुर-सौंख मार्ग पर वाहनों के अत्यधिक दबाव को देखते हुए इसे फोरलेन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से तुहिया, सोगर, नगला हरचन्द और अजान जैसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को शहर आने-जाने में आसानी होगी। गिर्राज जी की परिक्रमा देने जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं के सफर को भी सुरक्षित और आनंददायक बनाएगा।


