पूर्व पार्षद की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन:335 यूनिट ब्लड हुआ एकत्रित, विधायक ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व पार्षद और समाजसेवी भंवरू खां सालेमखानी की याद में शनिवार को वार्ड 58 और 59 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए अतिथियों ने भंवरू खां के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शिविर में विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भंवरू खां हमेशा दूसरों के दुख और परेशानी में काम आने वाले इंसान थे। उन्होंने अपना जीवन जनसेवा में समर्पित किया है। यह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। भाजपा नेता पराक्रम सिंह राठौड़ ने कहा कि भंवरू खां सामाजिक सरोकार और सामाजिक समरसता के पथ पर चलकर जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सेवाभावी व्यक्ति थे। कांग्रेस नेता रियाजत अली खान ने कहा कि पूर्व पार्षद भंवरू खां आमजन के दुख और सुख में हमेशा तत्पर रहने वाले शानदार व्यक्तित्व थे। एसीएमएचओ डॉ. अहसान गौरी ने बताया कि उत्कृष्ट व्यक्तित्व की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन करना अच्छी पहल है। रक्तदान करने से दिल की सेहत में सुधार, दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे को कम माना जाता है। खून में आयरन की ज्यादा मात्रा दिल के दौरे के खतरे को बढ़ा सकती है। नियमित रूप से रक्तदान करने से आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित होती है। जो दिल की सेहत के लिए अच्छी है। शिविर में 335 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में विक्रम सिंह कोटवाद, कांग्रेस नेता मुश्ताक खान, कांग्रेस नेता रमजान खान ने भी विचार व्यक्त किए। शिविर के अंत में अजीज खां ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *