पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को सुशासन दिवस के रूप में बाड़मेर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभागार में जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्मिकों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। जिला मुख्यालय पर आयोजित सुशासन दिवस के जिला स्तरीय समारोह के दौरान चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, जिला कलेक्टर टीना डाबी, समाजसेवी दीपक कड़वासरा, बाड़मेर ग्रामीण प्रधान जेठी देवी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ पलनीचामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत, यूआईटी सचिव श्रवणसिंह राजावत समेत विभिन्न जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजंलि अर्पित की। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बाड़मेर जिले में सुशासन सप्ताह के दौरान आमजन को जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करवाने, सपंर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण समेत अन्य निष्पादित किए गए कार्यों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जिले में विभिन्न प्रकार के नवाचारों के माध्यम आमजन को वृहद स्तर पर राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। समाजसेवी दीपक कड़वासरा ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के सिद्धांतों की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से कठोर परिश्रम, कड़ी मेहनत और अपने आत्मविश्वास से भारत को विकास की नई राह प्रदान की। हम सब इनके जीवन से सुशासन एवं सेवा का संकल्प लेते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर देश के विकास में भागीदार बनें। इस दौरान राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के संस्मरण सुनाते हुए उनकी कई कविताओं का वाचन किया। अस्टिटेंट प्रो. गणपतसिंह राजपुरोहित ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे जिन्होंने देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने आधारभूत अवसंरचना विकास सहित अनेक कार्यों को मूर्त रूप दिया। उन्होंने ऐसी जनकल्याण की योजनाएं चलाई जो देश के नागरिकों को आज तक लाभान्वित कर रही हैं। जयश्री छंगाणी ने वाजपेयी की कविता का पठन करते हुए कहा कि वाजपेयी ने राष्ट्र निर्माण महती भूमिका अदा की। वाजपेयी ने स्वस्थ संसदीय परंपराओं के साथ जनहित से जुड़ी सोच की जो परंपराएं स्थापित की वह अनुकरणीय है। वह सबको साथ लेकर समन्वय से देश को आगे बढ़ाने में विश्वास रखते थे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित संभागियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस दौरान कोषाधिकारी जसराज चौहान, संस्थापन अधिकारी हस्तीमल राठौड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर यादव, उप निदेशक सुरेन्द्र प्रतापसिंह भाटी, बांकाराम चौधरी, खरथाराम चौधरी समेत विभिन्न जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। इधर सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को बाड़मेर जिले में उपखंड, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। नगर परिषद की ओर से 31 दिसंबर तक चलने वाले स्वच्छता सप्ताह की शुरूआत हुई।


