भरतपुर के पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह और उनके पुत्र युवराज अनिरुद्ध सिंह के बीच मंगलवार को जवाहर रिजॉर्ट, भरतपुर में मुलाकात हुई। इसके बाद इसकी तस्वीर सामने आई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। विश्वेंद्र सिंह ने खुद अपने पुत्र अनिरुद्ध सिंह के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “आज जवाहर रिजॉर्ट में बहुत दिनों बाद मेरे बेटे युवराज अनिरुद्ध सिंह से सुखद मुलाकात हुई।”
कार्यकर्ताओं ने इस तस्वीर को सुलह की तस्वीर बताया। जिसपर डीग शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। लक्ष्मण मंदिर के नीचे ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया। कार्यकर्ताओं ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह कोली, नरेश फौजदार, शुभम नसवारिया, अंकित कोली, राजू जाटव, सुखराम कोली, दिनेश मौनी, राकेश तमोलिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।


