राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दो दिवसीय मेवाड़-वागड़ प्रवास पर पहुंचीं। उन्होंने जयसमंद क्षेत्र के वीरपुरा स्थित प्रसिद्ध गतोड़ जी मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उदयपुर पहुंचने के बाद उनका काफिला महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से उदयपुर-सलूम्बर मेगा हाईवे होते हुए बांसवाड़ा के लिए रवाना हुआ। रास्ते में जयसमंद क्षेत्र के वीरपुरा स्थित गतोड़ जी मंदिर पर काफिला रुका, जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में राजे ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे, जिन्होंने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगी। इन बैठकों में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होने की संभावना है।


