सतना के संगठन चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी की बुधवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। जानकारी के मुताबिक सतना के संगठन चुनाव प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी की तबीयत बुधवार की शाम अचानक बिगड़ गई। वे एक मीटिंग के दौरान असहज महसूस करने लगे। उन्होंने इसकी जानकारी अपने साथ के भाजपा नेताओं को दी। उन्हें मझगवां से सतना लाया गया और सीधे स्टेशन रोड स्थित निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच रिपोर्ट नॉर्मल बताई डॉ. राजेश जैन ने उनकी जांच की। मुकेश सिंह का बीपी नापा गया। उनकी सभी जांच सामान्य पाई गईं। डॉक्टर के अनुसार उन्हें यह असहजता दौड़ भाग और थकान के कारण महसूस हुई है, कोई और दिक्कत नहीं है। जांच रिपोर्ट नॉर्मल आने पर उन्हें नर्सिंग होम से कुछ ही देर बाद छुट्टी दे दी गई। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, पूर्व आयोग सदस्य लक्ष्मी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास मिश्रा,जिला महामंत्री ऋषभ सिंह छोटू, चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा और हर्ष नायक समेत तमाम लोग नर्सिंग होम में मौजूद रहे। भीड़ की वजह से सफोकेशन जानकारी के मुताबिक चौधरी मुकेश सिंह बुधवार को चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के मझगवां में मंडल स्तरीय संगठन चुनाव के सिलसिले में बैठक ले रहे थे। जिस कमरे में बैठक चल रही थी, वहां भीड़ ज्यादा हो गई थी। जिसके कारण वहां सफोकेशन हुआ। इसके पूर्व रात में भी उन्हें थोड़ी असहजता महसूस हुई थी, लिहाजा उन्हें चेकअप के लिए ले जाया गया।


