पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार रात झालावाड़ पहुंचीं। वह आज सांसद दुष्यंत सिंह की जन संवाद पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
राजे सुबह डाक बंगले में मौजूद हैं, जहां से उनका अगला कार्यक्रम निर्धारित है। शुक्रवार रात झालावाड़ पहुंचने पर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार, एसडीएम अभिषेक चारण, वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर शर्मा, सभापति प्रदीप राजावत और सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी राजे से मिलने पहुंचे। देवदर्शन के बाद शुरू होगी पदयात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री राजे आज सांसद दुष्यंत सिंह की बकानी क्षेत्र की जनसंवाद पदयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। यह यात्रा खोयरा स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के बाद शुरू होगी। यह सांसद की यात्रा का तीसरा चरण है और यह 4 दिवसीय होगी। 4 दिवसीय होगी पदयात्रा
पदयात्रा खोयरा से बकानी होते हुए खेड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 22 फरवरी को यात्रा खेड़ा से कोली गांव तक चलेगी। 23 फरवरी को यह कोली से पाटलिया तक पहुंचेगी, जबकि 24 फरवरी को कोलाना से गोर्धनपुरा में इसका समापन होगा। इस यात्रा में बकानी मंडल और रटलाई मंडल के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि सांसद दुष्यंत सिंह की इस तीसरी पदयात्रा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री राजे तीसरी बार झालावाड़ पहुंची हैं।
डाक बंगले में अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी बनी हुई है। बीती रात ओम जांगिड़, अनिल सुमन, दिनेश जैन और इनाम जफर सहित कई नेता वहां मौजूद थे।


