पेंड्रा में ईद का त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में नमाज का सिलसिला शुरू हो गया। नमाजियों ने मुल्क और कौम की सलामती के लिए दुआएं कीं। इमाम ने नमाज से पहले अपनी तकरीर में कहा कि मुसलमानों को अल्लाह के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लाम मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देता है। ईद का दिन रोजेदारों के लिए इनाम का दिन होता है। पेंड्रा में सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्रों ने मुस्लिम समाज के लोगों को फल और जूस बांटे। नगर पालिका के वर्तमान और पूर्व अध्यक्ष ने भी मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नए बस स्टैंड पर जगह-जगह फल, शरबत और पानी का लंगर लगाया गया। लोग एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देते रहे। बच्चों को ईदी के रूप में उपहार दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले की मस्जिदों और ईदगाह पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।


