इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें तेजी से फैली हैं। इन अफवाहों के कारण पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ने लगी, लेकिन भारत सरकार और तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है। आमजन को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भारत ऊर्जा सुरक्षा के मामले में पूरी तरह से मजबूत और तैयार है। प्रसार भारती द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में देश के पास 25 करोड़ (250 मिलियन) बैरल से अधिक कच्चे तेल और ईंधन का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अलावा, रिजर्व टैंकों, पाइपलाइनों और जहाजों में 7 से 8 सप्ताह का ‘सप्लाई बफर’ (आपातकालीन भंडार) हर वक्त मौजूद रहता है। कंपनी-डीलर्स के इंटरनल मैसेज से भ्रम की आशंका आमजन में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के पीछे एक कारण तेल कंपनियों और डीलर्स के बीच हुए इंटरनल मैसेज के लीक होने से फैलना भी माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका के चलते कुछ तेल कंपनियों ने डीलर्स (पेट्रोल पंप संचालकों) को दी जाने वाली क्रेडिट सुविधा में अस्थाई बदलाव किए हैं। इन मैसेज के अनुसार, एचपीसीएल ने अपने डीलर्स की क्रेडिट और डीओडी सुविधा अस्थाई तौर पर बंद कर दी है और उनसे बकाया चुकाने को कहा है। कंपनियों ने डीलर्स को एडवांस पेमेंट देकर पर्याप्त स्टॉक रखने की सलाह दी है। हालांकि, आईओसीएल द्वारा क्रेडिट सुविधा अभी भी चालू है। यह कंपनियों और डीलर्स के बीच का लेनदेन की व्यवस्था है, जिसका देश में पेट्रोल-डीजल की कुल उपलब्धता या आम जनता की सप्लाई से कोई लेना-देना नहीं है। ‘घरेलू खपत से कहीं ज्यादा है रिफाइनिंग क्षमता’ सरकारी फैक्ट चेक में जमीनी हकीकत बयान करते हुए बताया गया है कि भारत की तेल रिफाइनिंग क्षमता 258 एमएमटीपीए है, जो हमारी घरेलू खपत से कहीं अधिक है। इसका सीधा अर्थ यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव के बावजूद भारत अपनी जरूरत से ज्यादा तेल साफ करने में सक्षम है। सरकार ने यह भी याद दिलाया है कि पिछले 12 सालों में देश का एक भी पेट्रोल पंप सूखा नहीं पड़ा है और ईंधन की कीमतें भी पिछले 4 सालों से स्थिर बनी हुई हैं। “कंपनियों का बयान- बिना रुकावट मिल रहा ईंधन” अफवाहों को देखते हुए भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल), आईओसीएल और एचपीसीएल ने भी अपने-अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से आमजन के लिए महत्त्वपूर्ण सूचना जारी की है। इन कंपनियों ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कमी की बातें पूरी तरह निराधार हैं। ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से चल रही है। कंपनियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है। बिना किसी रुकावट के उपभोक्ताओं तक पेट्रोल-डीजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं के लिए खास अपील पेट्रोल पंपों पर बेवजह की भीड़ से बचने की अपील की गई है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे सोशल मीडिया या वॉट्सऐप पर फैल रही भ्रामक खबरों का शिकार न बनें। पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से केवल सामान्य उपभोक्ताओं और आपातकालीन सेवाओं (जैसे- एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड) को परेशानी होती है। सटीक जानकारी के लिए केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।


