राजगढ़ जिले के माचलपुर स्थित पेट्रोल पंप से 22 दिन पहले हुई लाखों की चोरी को लेकर पुलिस कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड लखन सौंधिया को गुजरात से पकड़ा गया, जहां वह होटल में वेटर का काम कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी में पेट्रोल पंप का कर्मचारी राजू सौंधिया भी शामिल था, जिसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 57 हजार रुपए और दो बाइक बरामद की हैं। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह मावई ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी राजू सौंधिया और लखन सौंधिया ने अपने चार साथी कंवरलाल सौंधिया, रामरतन सौंधिया, विष्णु सौंधिया, सुनील सेन के साथ मिलकर चोरी की घटना को लेकर 10 से 15 दिन पहले प्लानिंग तैयार कर ली थी, चोरी के इस प्लान में तय हुआ था कि जिस दिन पेट्रोल पंप पर ज्यादा पैसे आएंगे, उसी दिन चोरी करना है। पुलिस इन सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 6 व 7 दिसंबर की रात को हुई थी चोरी जिले के माचलपुर में 6 और 7 दिसम्बर की देर रात जीरापुर रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप पर रात करीब सवा 1 बजे जब पेट्रोल पंप के कर्मचारी बाहर खड़े थे, एक चोर खेतों के रास्ते से आया और पेट्रोल पम्प के बिन में घुस गया। सबसे पहले उसने भगवान की मूर्ति को प्रणाम किया, मानो अपने काम की सफलता की प्रार्थना कर रहा हो। इसके बाद उसने कुर्सी पर चढ़कर सीसीटीवी कैमरे को डिस्टर्ब किया और सरिए से काउंटर के लॉकर को तोड़कर दिया। इसके बाद लॉकर में रखे 1 लाख 57 हजार रुपए की नकदी लेकर चोर भागने लगा। कर्मचारियों ने उसे देख लिया और पीछा किया, लेकिन चोर खेतों के रास्ते से फरार हो गया। CCTV में कैद हुआ था चोर का वीडियो इस चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, फुटेज में चोर ने मुंह पर रुमाल बांध रखा था और हाथ में चाकू पकड़ा हुआ था। चोर भगवान को प्रणाम करते, लॉकर तोड़ते और पैसे चुराते हुए साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
पेट्रोल पम्प पर चोरी करने वाले आरोपियों का पुलिस ने माचलपुर थाने से अस्पताल तक पैदल जुलूस निकाला। जिसमें आरोपी चोरी करना पाप है, के नारे लगाते हुए मुंह छिपाते हुए पैदल चल रहे थे। अस्पताल में पुलिस आरोपियों का मेडिकल करवाने के बाद उन्हें पेट्रोल पम्प पर लेकर पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। चोरी का मास्टरमाइंड था पम्प का कर्मचारी
पेट्रोल पम्प में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिये आरोपी लखन सौंधिया और पम्प का कर्मचारी राजू सौंधिया 15 दिनों से चोरी की योजना बना रहे थे। घटना के समय राजू सौंधिया पेट्रोल पम्प पर ही ड्यूटी कर रहा था और चोरी के बाद चोर के पीछे भागने का नाटक भी किया था। पेट्रोल पम्प के संचालक अभिषेक मुंदड़ा ने बताया, कि करीब 9 वर्ष पूर्व जिस दिन से पम्प चालू हुआ था, उस दिन से ही राजू सौधिंया उनके पम्प पर काम कर रहा था। 22 दिन में पुलिस ने किया घटना का खुलासा
चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले पेट्रोल पम्प के कर्मचारियों को ही संदिग्ध माना और सीसीटीवी फुटेज व साइबर की मदद से पड़ताल शुरू की। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर पम्प के कर्मचारी राजू सौंधिया की गतिविधियां संदिग्ध पाई। चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद लखन सौंधिया गुजरात भाग गया था और वहां वेटर का काम करने लगा। राजू उसके संपर्क में था, इसी के आधार पर पुलिस ने सबूत जुटाना शुरू किये और धीरे-धीरे सभी आरोपियों तक पुलिस पहुंची।
6 आरोपी गिरफ्तार
1. लखन पिता बालचंद सोधिया, उम्र 23 साल, ग्राम-कवलसीखेडा
2. राजेन्द्र उर्फ राजू पिता मानसिंह सोंधिया उम्र 31 साल, ग्राम-कवलसीखेड़ा
3. कंवरलाल पिता शिवसिंह सोंधिया उम्र 25 साल, ग्राम-कवलसीखेड़ा
4. रामरतन पिता मांगीलाल सोधिंया उम्र 21 साल, ग्राम-कवलसीखेड़ा
5. विष्णु पिता प्रेमसिंह सोधिया, उम्र-23 साल, निवासी-मेलुखेड़ा (थाना-खिलचीपुर)
6. सुनिल पिता रामलाल सेन उम्र 22 साल, निवासी-मेलुखेड़ा (थाना-खिलचीपुर)


