पेट्रोल-पंप विवाद के बाद लोकायुक्त पहुंची थी सौरभ की शिकायत:पार्टनर्स से भी बेईमानी करने लगा था RTO का पूर्व कॉन्स्टेबल; करीबियों के मुखबिरी से खुलासा

भोपाल में आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के ठिकानों तक लोकायुक्त को उसी के करीबियों ने पहुंचाया है। सौरभ के दो पेट्रोल पंप भोपाल और औबेदुल्लागंज में हैं। इनमें से एक पेट्रोल पंप को लेकर सौरभ का पहले विक्रेता से विवाद हुआ बाद में अपने दो पार्टनर्स से, अपने रसूखदार संबंधों के दम पर सौरभ कारोबार में मनमानी करने लगा था। उसने पेट्रोल पंप विक्रेता की बकाया रकम को हड़प लिया था। इसी के दो पार्टनर्स को भी सौरभ नजर अंदाज करने लगा था। सबक सिखाने की नीयत से सौरभ के दो करीबियों ने पेट्रोल पंप विक्रेता को मोहरा बनाया। उसकी गोपनीय जानकारी दी और लोकायुक्त में शिकायत करा दी। बाद में सटीक मुखबिरी कर उसके घर और ऑफिस से 2.95 करोड़ रुपए कैश, 235 किलो चांदी सहित 7.98 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कराई। फॉर्म हाउस का मालिक सौरभ का करीबी रिश्तेदार मेंडोरी के जंगल में स्थित जिस फॉर्म हाउस में 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए कैश से भरी कार मिली। उस फॉर्म हाउस का मालिक सौरभ का करीबी रिश्तेदार है। कार्रवाई के बाद से ही फॉर्म हाउस का मालिक भी अंडरग्राउंड है। खास बात यह है कि किसी भी एजेंसी ने अब तक फॉर्म हाउस के मालिक से पूछताछ तक नहीं की है। छापे के बाद से सौरभ का जीजा लापता सौरभ के यहां छापे के बाद से उसका जीजा लापता हो गया है। उसने अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया है। सौरभ की पत्नी दिव्या और साले शुभम तिवारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से कई पोस्ट डिलीट कर दी है। सौरभ के कारोबार में पत्नी दिव्या के साथ ही जीजा रोहित भी कई काम संभालता है। दिव्या का भोपाल में फिटनेस क्लब भी है, जिसका संचालन वही देखती थी। सौरभ के करीबी चेतन सिंह की कार में सोना-नकदी मिलने के बाद उसके ससुराल के लोग भी सतर्क हो गए थे। दोस्तों और रिश्तेदारों को सौंपे थे बिजनेस सौरभ ने दोस्तों और रिश्तेदारों को अलग-अलग बिजनेस सौंप रखे हैं। होटल का संचालन रोहित और शरद करते थे। इसी प्रकार भोपाल के चूनाभट्टी चौराहे पर फगीटो नाम से रेस्टोरेंट का संचालन भी यही दोनों संभाला करते थे। छापों के बाद सौरभ के अधिकांश दोस्त घर और नौकरी से गायब हैं। इसी प्रकार ग्वालियर में रहने वाले उसके रिश्तेदार भी अंडरग्राउंड हो चुके हैं। छापे के बाद से साला भी गायब ग्वालियर के थाटीपुर सुरेश नगर में परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा का ससुराल है। यहां साला शुभम तिवारी अपने पूरे परिवार के साथ रहता है। सौरभ पर कार्रवाई के बाद से वह भी गायब हो गया है। उसके घर पर सिर्फ महिलाएं हैं और वे छापे को लेकर किसी से बातचीत नहीं कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *