पेपर लीक प्रकरण में दौसा से पकड़े गए सरकारी टीचर लोकेश शर्मा को शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। आरोपी टीचर लोकेश शर्मा को जयपुर SOG टीम ने दौसा के सरकारी स्कूल छतरी वाली ढाणी से 15 दिसंबर को पकड़ा था। जयपुर में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। SOG की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने पेपरलीक के आरोपी टीचर लोकेश शर्मा को निलंबित कर दिया है। पेपर लीक मामले में पहले गिरफ्तार हुए रिंकू शर्मा ने पूछताछ के दौरान एसओजी को लोकेश शर्मा की भूमिका के बारे में बताया था। इसके बाद शुक्रवार को जयपुर एसओजी ने दौसा जिला मुख्यालय पर छतरी वाली ढाणी स्थित महात्मा गांधी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में दबिश देकर सरकारी स्कूल के टीचर लोकेश शर्मा को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान शिक्षक लोकेश शर्मा अन्य साथी शिक्षकों के साथ लंच कर रहा था। उसी वक्त टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले भी एसओजी की टीम ने एक अन्य आरोपी लव कुश नगर स्थित रिंकू शर्मा के आवास पर सर्च किया था। लोकेश कोचिंग सेंटर संचालित करता था और रिंकू ने भी इस कोचिंग में कॉम्पिटिशन की तैयारी की थी। हर्षवर्धन पटवारी से जुड़े हैं तार एसओजी पेपर लीक प्रकरण से जुड़े मामलों की जांच जल्द पूरी करने व आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई कर रही है। ऐसे में जिले में भी पेपर लीक प्रकरण से जुड़े संदिग्ध आरोपी चिह्नित किए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है इन सभी के तार पूर्व में एसओजी द्वारा गिरफ्तार किए गए महुवा निवासी पटवारी हर्षवर्धन मीणा से जुड़े हैं। फिलहाल हर्षवर्धन पटवारी जेल में है। एसओजी टीम डमी कैंडिडेट बैठाने के मामले को लेकर जांच जुटी है।


