भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी गर्मी में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए नगरीय निकाय ने प्रभावित वार्डों में फरवरी महीने से काम करना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत ने नगर के वार्ड क्रमांक एक व दो मेरेगांव बस्ती में दो स्थानों में बोर खनन कराया। बताया जाता है कि संबधित वार्डों में बोर खनन कर इसे सीधे पेयजल आपूर्ति की जाने वाली पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। जिससे लोगो को गर्मी में आसानी से पेयजल की सुविधा प्राप्त हो सके। ड्राई एरिया होने के कारण मेरेगांव बस्ती वार्ड एक व दो में पूरे वर्ष भर यहां के निवासियों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां पर बारिश व ठंड में भी टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। नपं अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने मेरेगांव बस्ती में बरगद पेड़ के समीप मुख्य मार्ग व बालक शाला के सामने केशला रोड में बोर खनन कराया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद खेदीबाई अमिला, सुरेश नेताम, विनोद डेहरिया उपस्थित थे। बताया जाता है कि नगरीय निकाय इन दोनों स्थानों पर बोर कराकर इसे सीधे पाइपलाइन से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। बताया कि मेरेगांव बस्ती में पानी की भारी किल्लत है। मेरेगांव पानी टंकी में पानी नहीं दिए जाने के कारण यहां पर प्रतिदिन टैंकर से सप्लाई होती है। गर्मी में नगर पंचायत के सभी वार्डों में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए नपं अध्यक्ष ने जल विभाग के कर्मचारियों की साथ बैठक कर कार्ययोजना बनाई। नगर के सभी पंप आपरेटरों, जल विभाग के कर्मचारियों के साथ दो घंटे बैठक कर पेयजल से प्रभावित वार्डों व मोहल्लो तथा बस्तियों की जानकारी प्राप्त की। तथा जल विभाग के कर्मचारियों व ऑपरेटरों से ही समस्या के निराकरण के लिए सुझाव भी लिया। समस्या के निराकरण के लिए अभी से ही जल विभाग से जुड़ी सामग्री पर्याप्त मात्रा में खरीदने तथा स्टाक में रखे हुए पुराने पंपों का मरम्मत कराने तथा जरूरत पड़ने पर नए पंपों की खरीदी के लिए भी निर्देश दिए। बैठक में पीएचई के एसडीओ, सीएमओ विजय पांडेय, उपयंत्री योगेश्वर ठाकुर मौजद रहे। मेरेगांव ही नहीं नगर में कान्हे बस्ती सहित अन्य कई वार्ड में अभी से लोगों को पेयजल के लिए किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नया बस स्टैंड, कब्रिस्तान, चीरघर तरफ की आउटर कालोनिया, क्रिकेट मैदान, गायत्री मंदिर कालोनी, शहीद भगत सिंह वार्ड, परमेश्वरी नगर सहित अन्य कई इलाकों में नगरवासियों को गर्मी शुरू होने से पहले ही पानी की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। नपं अध्यक्ष ने बताया कि प्रभावित वार्डों में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए निकाय ने काम करना शुरू कर दिया है।


