लुधियाना| जिला कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए पेशी पर आए एक हवालाती को नशा सप्लाई करने का मामला सामने आया है। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता से यह साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने हवालाती की तलाशी लेकर उसकी जेब से नशीले कैप्सूल और स्मैक बरामद की है। थाना डिविजन नंबर-5 की पुलिस ने आरोपी हवालाती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जबकि नशा सप्लाई करने वाला युवक मौके से फरार हो गया। जानकारी अनुसार, खन्ना पुलिस लाइन में तैनात हवलदार विपिन कुमार अपनी टीम के साथ कचहरी में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एनडीपीएस केस में बंद हवालाती हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी दोराहा को अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के बाद जब पुलिस कर्मी उसे दोबारा हथकड़ी लगा रहे थे, तभी भीड़ के बीच से एक युवक अचानक आगे आया और हवालाती को प्लास्टिक का लिफाफा थमा दिया। इसके बाद वह भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। हवलदार विपिन कुमार को युवक की हरकत संदिग्ध लगी। उन्होंने तुरंत हवालाती को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी दाईं जेब से 16 नशीले कैप्सूल और 45 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने नशीला सामान कब्जे में लेकर हवालाती के खिलाफ नया मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब कचहरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि नशा सप्लाई करने वाले युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।


