दिसंबर की रिकॉर्ड तोड़ सर्दी में बर्फीली हवा ने इस बार रुख बदल लिया है। इस बार हवा भोपाल संभाग में ठहर रही हैं। इसी कारण भोपाल में न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन 7 डिग्री से नीचे 6.8 डिग्री पर रहा। बीते 24 घंटे में इसमें 0.1 डिग्री की गिरावट हुई। भोपाल संभाग के दो और शहर रायसेन में तापमान 4.4 डिग्री और राजगढ़ में 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल संभाग प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे बताते हैं कि आमौतर पर ग्वालियर के रास्ते भोपाल और फिर मालवा पहुंचने के बजाय यह हवा आगरा, ग्वालियर, सागर के रास्ते भोपाल संभाग आकर ठहर रही हैं। यह मालवा तक नहीं पहुंच रही। यही वजह है कि भोपाल संभाग अन्य संभागों में सबसे ठंडा है। वहीं, उज्जैन और इंदौर संभाग में भोपाल के मुकाबले तापमान 4 से 5 डिग्री अधिक है। आगे : 3 दिन शीतलहर का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, भोपाल समेत ज्यादातर हिस्से में अगले 3 दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान ऐसी ही ठंड बरकरार रह सकती है।


