पैदल चल रहे पिता-पुत्र समेत तीन को वाहन ने रौंदा:एक अन्य बाइक सवार घायल, अस्पताल में भर्ती; ड्राइवर फरार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र के हुमनाडाड़ गांव में रविवार शाम सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम लगभग 8 बजे हुई। सड़क पर चल रहे लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। हादसे में तीन की मौत, पिता-पुत्र और साढ़ू शामिल मृतकों की पहचान सरौधा निवासी जगन्नाथ सिंह, पिता जय मंगल सिंह, सरौधा निवासी लालदेव सिंह पिता जगन्नाथ सिंह और जियावन थाना क्षेत्र के डऊआडोल निवासी तेजबली सिंह (पिता सुखलाल सिंह) के रूप में हुई है। जगन्नाथ सिंह और लालदेव सिंह पिता-पुत्र थे, जबकि तेजबली सिंह उनका साढ़ू था। मृतकों की आयु 30 से 45 वर्ष के बीच बताई गई है। इस हादसे में अरविंद केवट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस फिलहाल अज्ञात भारी वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *