भास्कर न्यूज | कोरबा नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान होने के बाद वोट नहीं देने को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। गुरुवार दोपहर 2:30 बजे मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शहीद भगत सिंह कॉलोनी के पोखरी बस्ती में कांग्रेस समर्थकों ने जमकर तोड़फोड़ की। वे कथित तौर पर पैसा बांटने के बाद भी वोट नहीं देने का आरोप लगा रहे थे। मामले में पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 30 में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में थे। बताया जाता है कि कांग्रेस के समर्थक सिद्धार्थ यादव ने चुनाव प्रचार किया था। उसने लोगों पर अब भाजपा को वोट देने का आरोप लगाते हुए विवाद किया। यही नहीं, घरों में घुसकर तोड़फोड़ भी की। कांग्रेस ने इसे रंजिश बता रही है। लोगों ने बताया कि आरोपियों ने घरों में तोड़फोड़ के बाद वाहनों को आग लगाने का प्रयास किया। महिलाओं का कहना है कि विवाद का कारण समझ से परे है। भाजपा प्रत्याशी के पति सुशील गर्ग का कहना है कि सिद्धार्थ यादव कांग्रेस को वोट देने धमका रहा था। उसके साथी ने माहौल खराब करने का प्रयास भी किया। इधर, कांग्रेस प्रत्याशी के पति मनोज निराला का कहना है कि हमें बदनाम करने की कोशिश हो रही है। इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। चुनाव में किसी तरह का पैसा नहीं बांटा गया है। घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस और 112 की टीम पहुंच चुकी थी, लेकिन दोनों ही आरोपी फरार हो गए थे। सीएसपी भूषण एक्का का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। सिद्धार्थ यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


