राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना करने का झांसा देकर एक पार्षद से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ का नाटक कर नकली नोटों से भरा थैला थमाया और असली रकम लेकर फरार हो गए। पीड़ित पार्षद पुत्र रुस्तम कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के दौरान दो संदेहियों को पकड़ा है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे मामले का खुलासा जल्द करेगी। अब पढ़े क्या है पूरा मामला गुढ़ियारी निवासी पीड़ित रुस्तम कुर्रे ने पुलिस को बताया, कि उसकी मुलाकात एक साल पहले सुपेल, भिलाई में राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश में उनसे संपर्क बढ़ाया और लगातार फोन करता रहा। 4 फरवरी 2026 से राहुल ने उन्हें यह कहकर झांसे में लेना शुरू किया कि उसके संपर्क में एक तांत्रिक मयंक दास है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है। रूस्तम कुर्रे ने बताया कि 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ उनके कार्यालय मंगल बाजार, गुढ़ियारी पहुंचा। वहां पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई। पूजा के दौरान मयंक दास ने रकम मांगी, जिस पर उन्होंने 500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए नकद दे दिए। इसके बाद तांत्रिक मयंक ने उन्हें बाहर बैठने को कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा करता रहा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने यह कहकर कि श्मशान की मिट्टी लाने जा रहे हैं, नोटों से भरा थैला थमा दिया और बाइक से फरार हो गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर जब पीड़ित ने थैला खोला तो उसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। जब राहुल के मोबाइल पर कॉल किया गया तो फोन बंद मिला। पीड़ित ने देर रात थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत की है। चार घंटे की तलाश के बाद भिलाई से संदेही पकडाए पार्षद पुत्र की शिकायत के बाद पुलिस ने चार घंटे की जांच के बाद दो संदेहियों को पकड़ा है। इन संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है, कि ठगी करने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।


