भास्कर न्यूज |लुधियाना पॉपकॉर्न खरीदने का बहाना बनाकर दो बदमाशों ने रेहड़ी चालक से मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात 9 फरवरी की शाम कश्मीर नगर इलाके में श्मशान घाट के पास पुल पर हुई। पीड़ित कुंवरपाल उर्फ नन्ने, निवासी मोहल्ला कश्मीर नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोज की तरह पॉपकॉर्न बेचकर रेहड़ी लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह पुल के पास पहुंचा, ई-रिक्शा पर सवार दो युवक उसके पास आए और 10 रुपए के पॉपकॉर्न मांगे। कुंवरपाल के अनुसार, जैसे ही वह पॉपकॉर्न देने लगा, एक युवक ने पीछे से उसकी दोनों बाजुएं पकड़ लीं। इसी दौरान दूसरे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और जेब में रखी करीब 2500 रुपए की बिक्री की रकम निकाल ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की। इसमें एक आरोपी की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीपू, निवासी मोहल्ला घाटी के रूप में हुई। थाना डिवीजन-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।


