भास्कर न्यूज | रायगड़ा/जयकायपुर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते वैश्विक संकट और पर्यावरण पर इसके घातक प्रभावों को देखते हुए जेके पेपर मिल्स ने एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान छेड़ा है। अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर ) के तहत कंपनी ने अब तक 23 विद्यालयों के लगभग 4,060 विद्यार्थियों को इस मुहिम से जोड़कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई है। इस वर्ष की थीम बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन पर आधारित यह अभियान आने वाली पीढ़ी को प्लास्टिक मुक्त भविष्य के लिए तैयार कर रहा है। इसी अभियान की कड़ी में हाल ही में जयकायपुर क्षेत्र के मटिकाना हाई स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र के दौरान छात्रों को माइक्रोप्लास्टिक के खतरों से अवगत कराया गया, जो अब समुद्रों और पहाड़ों से लेकर मानव शरीर तक पहुंच चुका है। जेके पेपर मिल्स के गुणवत्ता, पर्यावरण और तकनीकी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में छात्रों को संबोधित किया। दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और उसके सुरक्षित विकल्पों को अपनाने पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाते हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया। कंपनी की योजना आने वाले महीनों में इस कार्यक्रम का दायरा बढ़ाने की है। अधिक से अधिक विद्यालयों तक पहुंचकर एक ऐसे छात्र संगठन को तैयार करना है, ताकि लोग प्लास्टिक को लेकर जागरूक हों। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम: क्षेत्र के नागरिकों और शिक्षाविदों ने जेके पेपर मिल्स की इस पहल की सराहना की है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूली स्तर पर शुरू की गई ऐसी जागरूकता मुहिम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक निर्णायक और दूरगामी कदम साबित होगी। सीएसआर के तहत बच्चों को समझाने की योजना जेके पेपर मिल्स के सीएसआर विभाग द्वारा समन्वित इस अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि व्यवहार में परिवर्तन लाना है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया है।


