रोपड़|समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए भल्ला परिवार ने अपने पोते निकेत भल्ला के जन्मदिन पर नैना जीवन ज्योति क्लब द्वारा संचालित ‘अपनी दुकान’ का एक महीने का पूरा खर्च दान कर उसे एक माह के लिए गोद लिया। राजकुमार भल्ला और नीलम भल्ला ने बताया कि 16 फरवरी को पोते निकेत भल्ला के जन्मदिन पर उन्होंने यह नेक कार्य करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से बढ़कर कोई खुशी नहीं होती और इस अवसर को सेवा के रूप में मनाना उनके लिए गर्व की बात है। मालूम हो कि ‘अपनी दुकान’ रोपड़ में बेला चौक के पास गांधी स्कूल के नजदीक, प्रेमजी फ्लेक्स के सामने स्थित है। यहां जरूरतमंद लोगों को मुफ्त में कपड़े, घरेलू सामान दिया जाता है। लोग अपने घरों में रखी उपयोगी वस्तुएं यहां दान करते हैं, जिन्हें क्लब के सदस्य जरूरतमंदों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाते हैं। प्रतिदिन करीब आठ से दस लोग इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। क्लब की सेवाओं से प्रभावित होकर शिल्पा भल्ला और उनके पति अमित भल्ला ने भी भविष्य में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया। ‘अपनी दुकान’ और क्लब को कार्य करते हुए करीब 10 वर्ष हो चुके हैं और भल्ला परिवार शुरुआत से ही संस्था के साथ जुड़ा है।


