भास्कर न्यूज | राजनांदगांव पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने के नाम पर ग्रामीण से 4 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता चंद्रकांत पटेल ने पुलिस को बताया कि उसका रामाधीन मार्ग में रहने वाले प्रफुल्ल जैन से पहचान हुई। प्रफुल्ल जैन ने उसके बेटे को पोस्ट आफिस में नौकरी लगाने का दावा किया। इसके लिए 4 लाख रुपए की डिमांड की। प्रार्थी ने अपने घर का गहना गिरवी रखकर 4 लाख रुपए जुटाए और प्रफुल्ल जैन को दिए। इसके बाद उसे नौकरी के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया। लेकिन कुछ समय बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। प्रफुल्ल जैन ने अपने साथी विजय साहू और पंकज कुशवाहा के साथ मिलकर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।


