प्रतापगढ़ पुलिस ने हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों, विजय खटीक और राहुल उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर, थाना प्रभारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देव नगर कॉलोनी, प्रतापगढ़ में एक बोलेरो कैंपर गाड़ी में गुप्त खांचा बनाकर अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। तलाशी के दौरान, बोलेरो कैंपर की सीटों के नीचे बने गुप्त खांचों से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। साथ ही, बोलेरो के पास खड़ी अर्टीगा कार में भी तलाशी के दौरान इसी तरह गुप्त खांचे बनाकर शराब छिपाई हुई मिली। आरोपियों से शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद, पुलिस ने अवैध शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। आरोपियों विजय खटीक और राहुल उर्फ रवि को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


