प्रतापगढ़ में अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। जिसे लेकर कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत शहर कोतवाल ने एक बार फिर व्यापारियों से समझाइश कर अतिक्रमण हटाने की बात कही। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। शहर कोतवाल दीपक बंजारा ने बताया कि अतिक्रमण के चलते शहर में रोजाना दिन में कई बार जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसको लेकर एसपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से समझाइश अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस जाब्ते ने शहर के जीरोमाइल चौराहा से लेकर गांधी चौराहा तक व्यापारियों से समझाइश की और उन्हें अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की बात कही। थाना अधिकारी ने अतिक्रमण नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई करने और चालान काटने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग की वजह से शहर की यातायात व्यवस्था खराब हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है। इसी को लेकर ये अभियान चलाया गया है। समझाइश के बाद भी व्यापारियों के नहीं मानने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


