प्रतापगढ़ जिले के धरियावद रोड पर सोमवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। यहां सुबह 4 बजे एक फल-सब्जी की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के मालिक इमरान हुसैन को उदयपुर जा रहे उनके रिश्तेदारों ने फोन कर आग की सूचना दी। सूचना मिलते ही इमरान मौके पर पहुंचे और नगर परिषद को जानकारी दी। नगर परिषद की दमकल टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस भी मौके पर आ गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान मालिक इमरान हुसैन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक काफी सामान जल चुका था। इस आग में लगभग दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।


