प्रतापगढ़ शहर में बसंत पंचमी के अवसर पर दमामी समाज ने माता सरस्वती की शोभायात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा किला परिसर स्थित बाण माता मंदिर से शुरू हुई। इसमें समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों और युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर के मुख्य रास्तों से गुजरी यात्रा शोभायात्रा बाण माता मंदिर से शुरू होकर सदर बाजार, पिपली चौक, धान मंडी और गोपालगंज सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके बाद यह वापस किला परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इससे शहर में भक्तिपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ। शोभायात्रा में माता सरस्वती की सुसज्जित प्रतिमा के साथ भक्ति गीत और जयकारे गूंज रहे थे। इस दौरान दमामी समाज के सैकड़ों युवक-युवतियां माता सरस्वती के जयकारे लगाते हुए भक्ति गीतों पर नृत्य कर रहे थे। छात्रों को सम्मानित किया कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण छात्रों को सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पहली बार माता सरस्वती की शोभायात्रा निकली दमामी समाज के सदस्य मनीष दमानी ने बताया- बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में समाज द्वारा प्रतापगढ़ शहर में पहली बार माता सरस्वती की शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करना है। शोभायात्रा के समापन के बाद समाज की ओर से प्रतिभागियों के लिए एक सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने हिस्सा लिया।


