प्रतापगढ़ में महिला हेड कॉन्स्टेबल के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। हेड कॉन्स्टेबल के नाबालिग देवर ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में एक नाबालिग को निरूद्ध कर लिया। साथ ही घटना में काम में ली गई पिस्टल भी बरामद कर ली। घटना 11 फरवरी को सुबह 9 बजे की है, जब जयंता (महिला हेड कांस्टेबल, रिजर्व पुलिस लाइन प्रतापगढ़) अपने किराए के कमरे में थीं। इस दौरान नाबालिग ने दरवाजा खटखटाया और जब महिला ने खिड़की से बात की, तो आरोपी ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए झुककर अपनी जान बचा ली। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में गठित टीमों ने नाबालिग को निरूद्ध करने में सफलता हासिल की है। जांच में सामने आया कि हमले का कारण संपत्ति विवाद था। महिला ने आरोपी के बड़े भाई से निकाह किया था, जिस कारण आरोपी को लगता था कि वह परिवार की संपत्ति में हिस्सा मांगेगी। पुलिस ने बताया-नाबालिग पहले भी हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल रह चुका है। प्रतापगढ़ थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। एएसपी परबत सिंह और सीओ गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक बंजारा की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है। यह भी पढ़ें सस्पेंड लेडी हेड कॉन्स्टेबल के घर पर फायरिंग:गोलियों के खोखे-खिड़की पर मिले निशान, ब्राउन शुगर तस्करों से मिलीभगत में चल रही जांच ब्राउन शुगर तस्करों से कनेक्शन रखने के मामले में सस्पेंड चल रही एक महिला हेड कॉन्स्टेबल के घर पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आस पास के लोग बाहर निकले, इतने में अज्ञात बदमाश फरार हो गया। (यहां क्लिक करें)


