प्रतापगढ़ में शनिवार को निजी बसों की हड़ताल:11 सूत्रीय मांगों को लेकर करेंगे प्रदर्शन, बस संचालक सचिवालय पहुंचकर देंगे ज्ञापन

प्रतापगढ़ जिले में शनिवार को निजी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा। प्राइवेट बस एसोसिएशन के आह्वान पर जिले की सभी प्राइवेट बसें हड़ताल पर रहेंगी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बस संचालक अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ये हड़ताल कर रहे हैं। बस संचालक मोहम्मद इसाक ने बताया कि प्राइवेट बस एसोसिएशन अध्यक्ष साकिर खान के निर्देश पर शनिवार सुबह 11 बजे सचिवालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा और विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। बस संचालकों का कहना है कि प्रतापगढ़ एक आदिवासी एवं ग्रामीण बहुल क्षेत्र है। यहां एक बस में औसतन 52 यात्री सफर करते हैं, जिनके साथ उनका सामान और लगेज भी होता है। परिवहन विभाग द्वारा बसों पर लगे करियर उतरवा दिए गए हैं, जिससे यात्रियों और बस संचालकों दोनों को परेशानी हो रही है। अस्थायी परमिट नहीं मिलने को लेकर भी बस संचालकों में आक्रोश है। उनकी मांग है कि अस्थायी परमिट की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में समान प्रकार की बसों के लिए एक जैसी किराया दर लागू करने की भी मांग की गई है। बस संचालकों की प्रमुख मांगों में रोडवेज बसों की तर्ज पर प्राइवेट बसों में भी महिलाओं को किराए में छूट दिए जाने की मांग शामिल है। इन सभी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बस संचालक ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इस हड़ताल के कारण जिलेभर में यात्री परिवहन प्रभावित होने की संभावना है। आमजन को आवागमन के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *